पटना से उत्तर बिहार तरफ जाने के लिए लगातार सुविधाओं में इजाफा हो रहा है। अब तक सभी सरकारी बसें गांधी सेतु होकर हाजीपुर जाती थी। लेकिन अब जल्द ही इसी महीने अटल पथ से दीघा सेतु होते हुए हाजीपुर तक सीएनजी बसें चलेंगी। अटल पथ पर 25 जून से बसों का परिचालन शुरू हाे जाएगा।
परिवहन विभाग के अधिकारी के मुताबिक 70 नई सीएनजी बसें 15 जून तक आ जाएंगी। इन बसों के आने के बाद गांधी मैदान से डाकबंगला, पटना जंक्शन, आर ब्लॉक, अटल पथ, गंगा पथ, जेपी सेतु के रास्ते सोनपुर और हाजीपुर तक ट्रायल किया जाएगा।
हाजीपुर तक जाएंगी 4 सीएनजी बसें।
बताया जा रहा है कि हाजीपुर तक चार सीएनजी बसों का परिचालन होगा। अभी सरकारी बसें गांधी सेतु होकर उत्तर बिहार जाती हैं। अब उत्तर बिहार जाने के लिए अटल पथ दूसरी सड़क होगी। इससे पटना, सोनपुर और हाजीपुर के 50 से अधिक मोहल्ले के लोगों को सुविधा होगी। इन मोहल्ले के लोगों को सड़क पर निकलते ही सीएनजी सिटी बस मिलेगी। अटल पथ पर आर ब्लॉक, मोहनपुर संप हाउस, महेशनगर, राजीवनगर और दीघा में बसें रुकेंगी। गांधी मैदान से अटल पथ और जेपी सेतु होते हाजीपुर स्टेशन तक सिटी बस का 15वां रूट होगा। अभी शहर में 14 रूटों पर नगर बस सेवा बहाल है।