आईओसी बिहार में जल्द लाएगा सोलर चूल्हा। रात के समय में भी बनाया जा सकेगा खाना।

महंगे होते एलपीजी गैस के बीच एक राहत भरी खबर है। इंडियन आयल कारपोरेशन ने अपना सोलर चूल्हे को लॉन्च किया है जिसकी मदद से आसानी से तीनो टाइम खाना बनाया जा सकेगा। सरकार नवीकरणीय ऊर्जा को ज्यादा बढ़ावा दे रही है उसी के तहत सोलर और चूल्हे को लांच किया गया है। चूल्हे की सबसे खास बात ये है कि इसे किचन में रखा जा सकेगा। यह सोलर कूकर से बिल्कुल अलग है जिसे खाना पकाने के लिए धूप में रखना होता है। हाल ही में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इस सोलर चूल्हे को लांच किया था।

रात में भी बनाया जा सकेगा खाना।

बता दें कि इस सोलर चूल्हे से एक केबल लगी होती है जो छत पर लगी सोलर प्लेट से जुड़ी होती है। सोलर प्लेट से पैदा होने वाली ऊर्जा केबल के जरिये चूल्हे तक आती है। इसी ऊर्जा से ताप पैदा होता है जिससे खाना पकता है। सोलर प्लेट सूर्य की किरणों को सोंख कर ऊर्जा में तब्दील करती है यह ऊर्जा ताप में बदलती है और ताप चूल्हे के हीटिंग एलिमेंट को गरम करता है। इससे पहले सौर ऊर्जा से पैदा हुई एनर्जी को थर्मल बैटरी में स्टोर किया जाता है। यही ऊर्जा बाद में किचन में रखे चूल्हे पर खाना बनाने में मदद करती है। दिन में ली गई सौर ऊर्जा से दिन में तो खाना बनता ही है, थर्मल बैटरी में स्टोर ऊर्जा से रात में भी खाना बनाया जा सकता है। चार लोगों के परिवार के लिए इस चूल्हे पर आराम से तीनों टाइम का खाना बनाया जा सकता है।

बिहार में जल्द होगा उपलब्ध।

इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (बिहार-झारखंड) के कार्यकारी निदेशक विभास कुमार ने बताया कि जल्द ही इसे बाजार में उतारा जाएगा। उन्होंने बताया कि यह चूल्हा तीन अलग-अलग मॉडल में उपलब्ध होगा। प्रीमियम मॉडल की कीमत 18 से 30 हजार होगी जिसमें 4 लोगों के परिवार का खाना आसानी से तैयार किया जा सकेगा।