आज बिहार के 26 जिलों में वज्रपात की संभावना। मौसम विभाग ने की सावधानी बरतने की अपील।

प्रदेश से मानसून की विदाई का सिलसिला शुरू हो चुका है। आने वाले 30 सितंबर तक की बारिश की स्थिति बनी रहेगी उसके बाद मानसून पूरी तरह से लौट जाएगा। हालांकि इस बीच राज के अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के 26 जिलों में वज्रपात और मेघ गर्जन का अलर्ट है। वहीं, कैमूर और बक्सर जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी हुई है। लोगों से सावधान रहने के लिए कहा गया है।

इन जिलों में वज्रपात का अलर्ट।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, शिवहर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, वैशाली, पटना, नालंदा, जहानाबाद, बेगूसराय, लखीसराय, शेखपुरा, नवादा, गया, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, बक्सर, भोजपुर, सारण, सीवान, गोपालगंज और अरवल जिले में कुछ जगहों पर आकाशीय बिजली गिर सकती है।

बताया जा रहा है कि 25 सितंबर के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी। इस बीच छिटपुट स्थानों पर हल्की वर्षा और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। गुरुवार को औरंगाबाद जिले में वज्रपात से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने वज्रपात के दौरान लोगों को खुले में या पेड़ के नीचे रहने से मना किया। इस दौरान लोगों से पक्के मकान की शरण लेने की अपील की गई है।