इस बार दशहरा पर राजधानी में दिखेंगे भव्य पंडाल। सिपारा में बन रहा गोलघर से भी ऊंचा मीनाक्षी मंदिर जैसा पंडाल।

इसी महीने के अंत में नवरात्र शुरू हो जाएगा। पिछले 2 वर्ष तक कोविड-19 प्रतिबंधों के कारण दशहरा उतने अधिक धूमधाम से नहीं मनाया जा सका था। इस बार राजधानी पटना में विशेष तैयारी है। शारदीय नवरात्र 26 सितंबर से शुरू हो रहा है। यानी, अब करीब 21 दिन ही बचे हैं। ऐसे में पूजा समितियाें ने तैयारी तेज कर दी है।

सिपारा में बनेगा गोलघर से भी ऊंचा पंडाल।

बता दें कि पटना के गोलघर के ऊंचाई 95 फीट है, जबकि सिपारा के एेतवारपुर में उससे ऊंचा 100 फीट का पंडाल तमिलनाडु के मीनाक्षी मंदिर की तरह बन रहा है। एतवारपुर श्री श्री दुर्गापूजा समिति के अध्यक्ष मुनिल यादव ने बताया कि पंडाल की चौड़ाई करीब 90 फीट होगी। पिछले साल 80 फीट ऊंचा पंडाल बना था।

अन्य जगहों पर भी बनेंगे भव्य पंडाल।

डाकबंगला चौराहे पर साउथ के किसी मंदिर जैसा पंडाल बनेगा। नवयुवक संघ श्री दुर्गा पूजा समिति के महासचिव डाॅ. पुरुषोत्तम मिश्रा ने बताया कि जल्द ही मंदिर का नाम फाइनल हो जाएगा। पंडाल की ऊंचाई 80 फीट और चौड़ाई 50 फीट से अधिक होगी। इसके अलावा बोरिंग रोड चौराहा पर कोलकाता के विक्टोरिया मेमोरियल की तर्ज पर पंडाल तैयार किया जाएगा। इसके लिए कोलकाता से कारीगर बुलाए गए हैं।