केवल 600 रुपए में घुम आइए राजगीर। बीएसटीडीसी के पटना कार्यालय में हो रही है बुकिंग।

कोविड-19 महामारी के बाद पूरे देश दुनिया भर के पर्यटन स्थल पर्यटकों के लिए बंद पड़े थे। हालांकि अब जब कोरोनावायरस के केस कम हो रहे हैं तो तमाम पर्यटन स्थल धीरे-धीरे खोले जा रहे हैं। हालांकि अभी भी पर्यटकों से कोविड-19 गाइडलाइंस फॉलो करने को बोला जा रहा है। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (BSTDC) ने पर्यटकों को लुभाने के लिए आकर्षक टूर पैकेज लांच किए हैं।

इसी क्रम में नालंदा जिला के पर्यटन स्थल भी खोल दिए गए हैं। नालंदा पुरावशेष, नालंदा विश्वविद्यालय, विश्व शांति स्तूप, घोड़ा कटोरा, सोन भंडार गुफा, वेणु वन, राजगीर रोपवे आदि पहले की तरह खोल दिए गए हैं।
पर्यटन विकास निगम के हवाले से एक हिंदी दैनिक अखबार ने लिखा है कि पर्यटन विकास निगम के टूर पैकेज से राजगीर, नालंदा और पावापुरी की सैर की जा सकती है। इसके लिए पर्यटकों को बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के आर ब्लाक स्थित कार्यालय के काउंटर से टूर पैकेज की बुकिंग करनी होगी। इसके लिए छह सौ रुपए प्रति व्यक्ति शुल्क निर्धारित किया गया है।

एक दिन के इस टूर पैकेज में पर्यटकों को नालंदा विश्वविद्यालय, नालंदा संग्रहालय, विश्व शांति स्तूप, घोड़ा कटोरा, सोन भंडार गुफा, मनियार मठ, ब्रह्मकुंड, विरायतन, पांडू पोखर, वेनू वन, जल मंदिर की सैर कराई जाएगी।

इसके अलावा पर्यटन विकास निगम ने पटना और बोध गया घूमने के लिए भी टूर पैकेज लॉन्च किए हैं। अब राजधानी पटना में भी सैर सपाटे के शौकीन पटना वासियों और पर्यटकों के घूमने के लिए काफी जगहें खुल चुकी है।