रेलवे बिहार में लगातार अपना इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार रहा है। एक तरफ गया जंक्शन को विश्वस्तरीय बनाने की तैयारी चल रही है वहीं दूसरी तरफ गया जंक्शन पर भारत का सबसे लंबा मेमू शेड लगभग बनकर तैयार हो गया है। रेलवे इसके के लिए लगातार कार्य कर रहा है और जल्द ही इसका निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। यहां पर आधुनिक तरीके से ट्रेनों का रखरखाव किया जाएगा।
110 करोड़ की लागत से हो रहा तैयार।
लगभग 110 करोड़ रूपए की लागत से गया जंक्शन पर बनने वाला मेमू शेड भारत में सबसे बड़ा होगा। इस शेड में एक बार में 20 कोचों के 30 रेक रखने की क्षमता होगी। इस मेमू शेड में पर्यावरण की बेहतरी को ध्यान में रखते हुए ग्रीन इनीशिएटिव के तहत एक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और 272 kWp के सोलर पैनल भी लगाए गए हैं।
बड़ी संख्या में रेल कोचों का होगा रखरखाव।
इस मेमू शेड का निर्माण कार्य पूरा हो जाने के बाद यहां गया जंक्शन क्षेत्र के मेमू ट्रेनों के अलावा पूर्व मध्य रेलवे जोन व दूसरे जोन के मेमू ट्रेनों का भी आधुनिक तरीके से समुचित रखरखाव किया जा सकेगा। इस मेमू शेड में काम करने के लिए करीब दो सौ संबंधित विभागीय रेल अधिकारी और रेल कर्मियों को पदस्थापित किया जाएगा। इसके अलावा यहां आउट सोर्शिंग के तहत भी कर्मियों की तैनाती की जा सकती है।