राजधानी पटना के अति महत्वपूर्ण स्थल गांधी मैदान को और भी आकर्षक बनाया जाएगा। साथ ही गांधी मैदान और एसके मेमोरियल हॉल की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा दी जाएगी। लोग किसी बड़े आयोजन के लिए ऑनलाइन माध्यम से इन्हें बुक कर पाएंगे। गांधी मैदान को और आकर्षक बनाने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई जाएगी। इस व्यवस्था से बिहार और अन्य राज्य के लोग आसानी से ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।
बैठक में लिया गया फैसला।
बता दें कि मंगलवार को प्रमंडलीय आयुक्त व श्रीकृष्ण स्मारक विकास समिति के अध्यक्ष कुमार रवि की अध्यक्षता में शासी निकाय की हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। ऑनलाइन आरक्षण के लिए वेबसाइट का निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, ग्रीन शौचालय का संचालन, महात्मा गांधी स्मारक एवं श्री कृष्ण मेमोरियल भवन में प्रकाश व्यवस्था, हाउसकीपिंग सहित सभी बिन्दुओं पर विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि एनआईसी के माध्यम से वेबसाइट बनाना सुनिश्चित किया जाए।
गांधी मैदान को सजाने संवारने की शुरू होगी प्रक्रिया।
प्रमंडलीय आयुक्त ने गांधी मूर्ति पार्क, गांधी मैदान में स्थित महात्मा गांधी स्मारक एवं श्री कृष्ण स्मारक भवन में उत्कृष्ट प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड यह करेगा। पटना नगर निगम द्वारा जनहित में गांधी मैदान में आने वाले आगंतुकों की सुविधा के लिए दो ग्रीन शौचालयों का संचालन किया जा रहा है। गांधी मैदान के आरक्षण, राजस्व संग्रहण, संचालन एवं प्रबंधन के लिए एक त्रि-सदस्यीय समिति का गठन किया गया।