विगत कुछ दिनों में लालू परिवार में घमासान मचा हुआ था। लालू के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव और परिवार के दूसरे सदस्यों के बीच में वैचारिक मतभेद की खबरें आ रही थी। तेज प्रताप यादव ने राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह और तेजस्वी यादव के सलाहकार संजय यादव पर गंभीर आरोप लगाए थे। इन सब के केंद्र में एक नाम उभर कर आ रहा था। वो नाम था छात्र राजद के आकाश यादव का जिसके लिए तेज प्रताप अपनों से भिड़ गए थे। आज वही आकाश यादव ने पशुपति कुमार पारस के लोक जनशक्ति पार्टी की सदस्यता ले ली।
बता दें कि इनको राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने छात्र राजद के प्रदेश अध्यक्ष पद से बर्खास्त कर दिया था। शुक्रवार को अकाश यादव पारस गुट वाली लोजपा में शामिल हो गए। उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने सदस्यता दिलाई। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष प्रिंस राज भी मौजूद रहे।
बता दें कि छात्र राजद ने एक कार्यक्रम के आयोजन के लिए पोस्टर लगाया था। इसमें प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की तस्वीर नहीं थी। उसी का कार्यक्रम में तेज प्रताप यादव ने जगदानंद सिंह को हिटलर कहा था। इसके बाद से राष्ट्रीय जनता दल में कलह की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।