टीकाकरण में बिहार ने बनाया नया कीर्तिमान। एक दिन में रिकॉर्ड इतने लाख लोगों को लगी वैक्सीन की डोज।

कोरोना संक्रमण से प्रदेश वासियों को मुक्त रखने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। प्रदेश में टीकाकरण का कार्य जोर शोर से चल रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को रिकॉर्ड 22.5 लाख लोगों को कोरोना की वैक्सीन दी गई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।

अपने ट्वीट में मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में ‘6 करोड़ 6 माह’ टीकाकरण अभियान की शुरुआत 21 जून 2021 को की गई थी। इसके अंतर्गत जुलाई एवं अगस्त में कोविड वैक्सीन की दो करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी है। 31 अगस्त को चलाए गए टीकाकरण महाअभियान में 10 हज़ार से अधिक टीकाकरण केंद्र चालू कर रिकॉर्ड 22.5 लाख से भी अधिक लाभार्थियों का टीकाकरण किया गया है। सभी को धन्यवाद।

बता दें कि देश में 8 मार्च के बाद से टीकाकरण अभियान शुरू किया गया था। वहीं 5 अगस्त को टीकाकरण महा अभियान चलाकर बिहार में सर्वाधिक 9 लाख टिके एक दिन के अंदर दिए गए थे। अपर मुख्य सचिव ने इस महाअभियान को अबतक का सबसे बड़ा प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि राज्य में 10 हजार 650 टीकाकरण केंद्रों के माध्यम से महाअभियान के तहत पूरे राज्य में कोरोना टीकाकरण को लेकर 13 हजार टीकाकर्मियों एवं 15 हजार डाटा इंट्री कर्मियों की तैनाती की गयी थी।

जानकारी के अनुसार राज्य में अबतक 3 करोड़ 77 लाख 68  हजार 718 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। इनमें 3 करोड़, 15 लाख 19 हजार 925 लोगों को कोरोना टीके की पहली डोज दी जा चुकी है जबकि 62 लाख 48 हजार 793 हजार लोगों को कोरोना टीका की दोनों डोज लग चुकी है। मंगलवार को बिहार इसमें सर्वाधिक टीकाकरण करने वाले राज्यों में प्रथम स्थान पर रहा।