भागलपुर के गोपालपुर से विधायक गोपाल मंडल( नरेंद्र कुमार नीरज) अक्सर अपने बयानों और अपनी हरकतों की वजह से चर्चा में रहते हैं। ताजा मामला राजेंद्र नगर(पटना) से नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस में घटित हुआ। इस ट्रेन में गोपाल मंडल सिर्फ गंजी और अंडरवियर में घूमते दिखे। ट्रेन के सहयात्री ने ट्रेन में महिला पैसेंजर के होने का हवाला देकर जब उनसे विरोध किया तो वे उस पैसेंजर से गाली गलौज करने पर उतर आए।
घटना उत्तर प्रदेश के दिलदारनगर स्टेशन के बाद हुई। इसके बाद आरपीएफ की शिकायत पर दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर रेल पुलिस आई। उसके बाद रेल पुलिस का बयान आया कि सहयात्री प्रह्लाद ने कोई लिखित कंप्लेंट नहीं की है उसके बाद ट्रेन आगे बढ़ गई।
जानकारी के अनुसार विधायक गोपाल मंडल और उनके साथी तेजस राजधानी एक्सप्रेस के A-1 कोच की सीट नम्बर 13, 14 और 15 पर सफर कर रहे थे। जबकि, जहानाबाद के रहने वाले प्रहलाद पासवान अपने परिवार के साथ उसी कोच में सीट नम्बर 22-23 पर थे। पैसेंजर प्रह्लाद ने जब विधायक को गंजी अंडरवियर में घूमते देखा तो आपत्ति जताई। इसके बाद कई अन्य से यात्रियों ने इस हरकत का विरोध किया। इससे गुस्से में होकर गोपाल मंडल ने पैसेंजर प्रहलाद के साथ गाली गलौज की।
बता दें कि विधायक गोपाल मंडल अक्सर अपने बयानों और अपनी हरकतों की वजह से चर्चा में बने रहते हैं। अभी कुछ दिन पहले उन्होंने उपमुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद पर रुपए उगाही का आरोप लगाया था। फिर इसके बाद उन्होंने उपमुख्यमंत्री को “आई लव यू” भी बोला था।