प्रदेश में बढ़ रहे अपराध की घटनाओं को लेकर पुलिस महकमा अलर्ट पर है। इसके अलावा दुर्गा पूजा के दौरान अक्सर लूटपाट एवं छेड़छाड़ की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जाती है। इसे देखते हुए पुलिस मुख्यालय से पूरे प्रदेश के जवानों को आदेश जारी किया गया है। पूरे दुर्गा पूजा के दौरान उनकी छुट्टियां रद्द कर दी गई है। मुख्यालय का यह आदेश राज्य के सभी जिला पुलिस के साथ ही, राजकीय रेल पुलिस, CID, स्पेशल ब्रांच, आर्थिक अपराध इकाई (EOU), ATS, STF, ट्रेनिंग सेंटर डुमरांव, CTS सिमुतल्ला, CTS नाथ नगर भागलपुर और BSAP-9 जमालपुर के लिए होगा।
13 दिनों के लिए रद्द हुई छुट्टियां।
जानकारी के अनुसार पुलिस अफसरों और जवानों के छुटि्टयों को कैंसिल किए जाने की यह व्यवस्था विशेष तौर पर 13 दिनों के लिए की गई है। 26 सितंबर से नवरात्र की शुरुआत हो रही है। बिहार पुलिस मुख्यालय ने दुर्गापूजा को ध्यान में रख कर ही यह कदम उठाया है। पूजा के दौरान राज्य के अंदर लॉ एंड ऑर्डर और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखना पुलिस के लिए सबसे बड़ा चैलेंज है।
त्यौहार में शांति बनाए रखना है लक्ष्य।
बिहार सरकार का गृह विभाग चाहता है कि त्योहार को लोग शांति और हर्षोल्लास के साथ मनाएं। इस दौरान कोई भी असामाजिक तत्व गड़बड़ी ना फैला सके।
यह व्यवस्था 26 सितंबर से 8 अक्टूबर के लिए होगी। सभी SSP, SP और हर प्रभाग के हेड को मुख्यालय ने हर हाल में इस आदेश का पालन कराने का निर्देश दिया है। हालांकि, बहुत इमरजेंसी होने पर अफसरों और जवानों को छुट्टी मिल सकेगी।