राजधानी पटना का संजय गांधी जैविक उद्यान जल्द ही कई तरह के जानवरों से गुलजार होने जा रहा है। दक्षिण अफ्रीका से बड़ी संख्या में जंगली जानवर मंगाए जा रहे हैं। इसके लिए दक्षिण अफ्रीका की सरकार ने अपनी सहमति दे दी है। पिछले दिनों बिहार सरकार के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में इसपर अंतिम निर्णय लिया गया। सबकुछ ठीक रहा तो दो से तीन माह में पटना जू अफ्रीका के जानवरों से गुलजार हो जाएगा। बता दें कि हाल ही में पटना जू का निरीक्षण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तेज प्रताप यादव ने किया था।
36 जानवर आएंगे पटना जू।
अफ्रीका ने ऐसे 36 जानवर बिहार को देने पर अपनी मंजूरी दी है। अफ्रीका से जो जानवर लाए जाएंगे, उनमें अफ्रीकी जिराफ, जेब्रा, दो सिंगों वाला गेंडा, अफ्रीकी शेर, इंपाला, ओरिंग्स हिरण, लंबे सिंगों वाले हिरण के अलावा नाइल क्रोकोडायल शामिल हैं। इनमें से कई बेहद दुर्लभ प्रजाति के जानवर हैं। इनके नर और मादा दोनों शामिल हैं। माना जा रहा है कि इन जानवरों के आने के बाद न केवल पटना जू का आकर्षण बढ़ेगा बल्कि पटना जू देश के गिने-चुने चिड़ियाघरों में भी शामिल हो जाएगा, जहां ऐसे दुर्लभ प्रजाति के जानवर हैं।
हवाई मार्ग से लाए जाएंगे सभी जानवर।
बताया जा रहा है कि ये सारे जानवर अफ्रीका के जोहान्सवर्ग से हवाई जहाज के माध्यम से लखनऊ लाए जाएंगे। वहां से इन्हें सड़क मार्ग से पटना लाया जाएगा। ऐसे गोरखपुर और कोलकाता के माध्यम से भी इन जानवरों को लाने पर विचार किया जा रहा है। इन जानवरों के साथ विशेषज्ञों और डॉक्टरों की भी टीम रहेगी, जो लगातार इनपर नजर रखेगी। यह टीम पटना तक उनके साथ आएगी और यहां भी कुछ दिनों तक जानवरों के साथ रहेगी। जानवरों के एडजस्ट होने के बाद ये लोग वापस लौटेंगे। इस समय पटना जू में 100 प्रजाति के 1000 से अधिक जानवर हैं। अफ्रीकी जानवरों के आने के बाद इनकी संख्या बढ़ जाएगी।