कुछ महीनों बाद ही पटना में आप फिर से गंगा की लहरों पर खाना खाने और पार्टी करने का लुत्फ उठा सकेंगे। फ्लोटिंग रेस्टोरेंट की सुविधा को अक्टूबर महीने से शुरू किया जाएगा। पर्यटन विभाग इसको लेकर जोर शोर से लगा हुआ है। की तैयारी है। बंद क्रूज की मरम्मत के लिए बिहार राज्य पर्यटन निगम ने एक एजेंसी को जिम्मा दिया है, जिसे 90 दिनों के भीतर यानी अक्टूबर में चालू करने को कहा गया है।
2017 से बंद है फ्लोटिंग रेस्टोरेंट की सुविधा।
बता दें कि जल पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साल 2009 में एमवी गंगा विहार फ्लोटिंग रेस्टोरेंट की खरीदारी की गई थी। तकनीकी खराबी आने के बाद सुरक्षा के दृष्टिकोण से इसे साल 2017 से बंद कर दिया गया। इसकी तकनीकी खराबी को दूर करने के लिए कई बार निविदा निकाली गई। देश के प्रतिष्ठित संस्थान जैसे आईआईटी खड़गपुर ने भी मरम्मत की कोशिश की, जो सफल नहीं हो सकी।
15 साल की लीज पर संचालन करेगी निजी कंपनी।
हाल ही में शिपिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया और बिहार के पर्यटन विभाग के अधिकारियों के बीच बैठक में
संभावनाओं पर विचार किया गया। इसी के बाद पर्यटन विकास निगम लिमिटेड ने एक बार फिर निविदा जारी की। निविदा के प्रकाशन के साथ ही देश के तटीय शहरों में इसका व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया गया था। निविदा में चार एजेंसियों ने भाग लिया। निगम ने नियमानुसार चार में से एक एजेंसी मेसर्स संध्या सम्राट कंस्ट्रक्शन एंड सर्विस प्राइवेट लिमिटेड का चयन किया। चयनित एजेंसी इस क्रूज की मरम्मत कर आगामी 15 वर्षों तक लीज पर इसका संचालन भी करेगी।