पटना में बनेंगे 3 शानदार फाइव स्टार होटल। 25 मंजिल तक होगी ऊंचाई।

वह दिन दूर नहीं जब पटना में भी मुंबई और दिल्ली जैसे शानदार बहुमंजिला फाइव स्टार होटल होंगे। आए दिन प्रदेश में बढ़ते पर्यटकों की संख्या और व्यापार जगत से जुड़े लोगों के आवागमन की वजह से बिहार कैबिनेट ने फैसला लिया है कि राजधानी पटना में 800 करोड़ की लागत से 3 बेहतरीन फाइव स्टार होटल बनाए जाएंगे। पिछले हफ्ते ही बिहार कैबिनेट ने इसकी मंजूरी दे दी।

इन जगहों पर होगा निर्माण।

बता दें कि पटना में होटल पाटलिपुत्र अशोक, बांकीपुर बस स्टैंड परिसर एवं सुल्तान पैलेस की भूमि पर 45 वर्ष की लीज पर पांच सितारा होटल के निर्माण व संचालन करने की स्वीकृति कैबिनेट से भी मिल गयी है। यह निर्माण कार्य पीपीपी मोड में अगले तीन साल में पूरा हो जायेगा। तीनों होटल अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इसके निर्माण में आठ सौ करोड़ खर्च होने का अनुमान है।

ऐसा होगा होटलों का स्वरूप।

जानकारी के अनुसार इन तीनों होटल को मिला कर 1075 कमरे होंगे। जहां पर्यटकों को हर सुविधाएं मिलेंगी। जल्द ही विभाग इस संबंध में निजी क्षेत्र से निर्माण के लिए आवेदन लिया जायेगा, ताकि यहां बड़ी-बड़ी कंपनियां निर्माण कार्य में आये। होटल पाटलिपुत्र अशोक की 1.5 एकड़ भूमि पर 175 कमरे का होटल बनाया जायेगा। यह 16 मंजिला होगा।
बांकीपुर बस स्टैंड की 3.5 एकड़ जमीन पर 500 कमरे का होटल बनेगा। इस होटल का निर्माण 25 फ्लोर तक होगा। सुल्तान पैलेस की 4.8 एकड़ की भूमि पर 400 कमरे का होटल बनाया जायेगा। यह 16 मंजिला होगा।