पूर्व मध्य रेल ने बनाया रिकॉर्ड। वित्तीय वर्ष के अगस्त महीने तक ही 10 हजार करोड़ का आया राजस्व।

यात्री और माल ढुलाई से होने वाली कमाई के मामले में पूर्व मध्य रेल ने एक नया कीर्तिमान बनाया है। हाजीपुर स्थित मुख्यालय वाला पूर्व मध्य रेल जोन लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। वित्तीय वर्ष 2022 -23 के अगस्त महीने में 12 तारीख तक ही पुमरे ने 10000 करोड़ से अधिक का राजस्व प्राप्त कर लिया है। यह राजस्व पूर्व मध्य रेल द्वारा पिछले तीन वर्ष के किसी भी वित्त वर्ष के 12 अगस्त तक प्राप्त राजस्व की तुलना में सर्वाधिक है।

ऐसा रहा था पिछले 3 वर्ष का प्रदर्शन।

बता दें कि पिछले तीन वर्ष की तुलना में इस वर्ष 10 हजार करोड़ रूपए का राजस्व काफी पहले प्राप्त कर लिया गया। वर्ष 2019-20 में 21 नवंबर, 2019 को, 2020-21 में 03 दिसंबर, 2020 को तथा वर्ष 2021-22 में 23 सितंबर, 2021 को 10 हजार करोड़ रूपए राजस्व प्राप्त किया गया था। जबकि चालू वित्त वर्ष 2022-23 में इतना ही राजस्व 12 अगस्त को ही प्राप्त कर लिया गया।

किसी वित्त वर्ष के 12 अगस्त को प्राप्त होने वाले राजस्व के दृष्टिकोण से देखा जाए तो वर्ष 2019-20 में 12 अगस्त तक 5921 करोड रूपए का राजस्व प्राप्त हुआ जबकि वर्ष 2020-21 में 12 अगस्त तक यह राशि 4452 करोड़ रूपए थी। इसी तरह पिछले वित्त वर्ष अर्थात 2021-22 में 12 अगस्त तक 7638 करोड़ रूपए का रेल राजस्व प्राप्त हुआ। परंतु रिकॉर्ड कायम करते हुए चालू वित्त वर्ष में 12 अगस्त को ही 10 हजार करोड़ रूपए का राजस्व प्राप्त हुआ।