प्रदेश में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए केंद्रीय टीम सोमवार को राजधानी पटना पहुंची। छह सदस्यीय टीम का नेतृत्व गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव राकेश कुमार सिंह कर रहे हैं। पटना आने के बाद टीम की बैठक हुई जिसमें मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण और अपदा प्रबंधन के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत भी मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार संयुक्त सचिव राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में छह सदस्यीय केंद्रीय टीम में अपर सचिव एम रामचंद्रडू, निदेशक, पब्लिक फाइनेंस स्टेट दिपेंद्र कुमार, संजीव कुमार सुमन, डा. मान सिंह, सहित अधीक्षण अभियंता प्रदीप कुमार लाल शामिल हैं। कल इस टीम ने समस्तीपुर मुजफ्फरपुर और दरभंगा के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया और बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लिया। इसके बाद दरभंगा में हुई बैठक में तीनों जिलों के जिलाधिकारियों के साथ इस पर विस्तृत चर्चा की गई। केंद्रीय टीम को पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से बाढ़ से हुए नुकसान के बारे में जानकारी दी गई।
बता दें कि आज केंद्रीय टीम भागलपुर के नवगछिया पहुंचेगी। वहां पर बाढ़ से हुवे नुकसान का आकलन करने के बाद यह टीम आज ही पटना वापस लौट आएगी। बिहार सरकार ने केंद्र सरकार से बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई के लिए 3763 करोड़ रुपए की मांग की है।