बिहार के आधे जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट। लोगों से सुरक्षित रहने की अपील।

मानसून की शुरुआत में बिहार के लोगों को तरसाने वाला अब अक्टूबर में जमकर बरस रहा। इस हफ्ते कई जिलों में होने वाली बारिश के बाद आज भी बिहार के आधे जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही वज्रपात और गरज तड़क की संभावना है। बारिश की गतिविधियां राज्य के उत्तर पश्चिमी भाग में केंद्रित हैं। अगले दो तीन दिनों में राज्य के शेष भाग में भी आंशिक बारिश के आसार हैं।

इन जिलों में बारिश के आसार।

मौसम विभाग ने एक बार फिर से प्रदेश के 19 जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इसमें सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज, सारण, सिवान गोपालगंज, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और कटिहार शामिल है।
बक्सर, भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल के लिये भी मौसम विभाग ने गरज तड़क और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है।

गोपालगंज, बगहा में बाढ़ की स्थिति।

सीएम नीतीश कुमार ने कल यानी शुक्रवार को इंडो नेपाल सीमा पर स्थित वाल्मीकिनगर गण्डक बराज पहुंचे और वहां पर बढ़ते जल स्तर का निरीक्षण किया। साथ ही हवाई मार्ग से भी बाढ़ के हालात का जायजा लिया। मुख्यमंत्री के साथ जल संसाधन मंत्री संजय झा भी मौजूद थे। बता दें कि गण्डक बराज द्वारा कल यानी शुक्रवार की सुबह 4 लाख 45 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। जिसके बाद निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं।