बिहार के इन जिलों में आंधी बारिश का अलर्ट। दक्षिण बिहार में जारी रहेगी उमस भरी गर्मी।

बिहार के अधिकांश जिले इस वक्त गर्मी से तप रहे हैं। खास करके दक्षिण बिहार में उमस भरी गर्मी से लोगों का जीना दूभर है। वहीं मौसम विभाग ने उत्तर बिहार के कई जिलों में आंधी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि बुधवार की शाम पटना और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, प्रदेश भर में अगले 24 घंटों के दौरान मेघ गर्जन, बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश का पूर्वानुमान है।

उत्तर बिहार के 14 जिलों में आंधी- पानी के आसार।

प्रदेश के 14 जिलों पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जिलों के एक दो स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ आंधी-पानी की स्थिति रविवार तक बने रहने के आसार हैं। इन जगहों पर हवा की गति 30-40 किमी प्रतिघंटा रहने के आसार है। इसको देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से यलो अलर्ट जारी किया गया है।  पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तरी भागों के अधिकतर शहरों में हल्के से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज हुई।

दक्षिण बिहार में जारी रहेगा उमस भरी गर्मी का दौर।

हालांकि प्रदेश के दक्षिणी इलाके में उमस भरी गर्मी लोगों को अभी और परेशान करेगी। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बुधवार को दूसरे दिन भी औरंगाबाद प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। मंगलवार को यहां का अधिकतम तापमान 41.6 तो बुधवार को 0.2 डिग्री की वृद्धि के साथ 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी का अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।