विवादों में घिरे रहने वाले पूर्व मंत्री सुधाकर सिंह के इस्तीफे के बाद कृषि विभाग का पदभार अब कुमार सर्वजीत के हाथों में सौंपा गया है। उन्होंने आज कृषि विभाग का पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करते ही कृषि मंत्री ने घोषणा की कि जल्द ही कृषि विभाग में 9000 युवाओं को नौकरी दी जाएगी। इसके साथ ही, किसानों को डीजल अनुदान के लिए पैसे भी जल्द मिलेंगे।
और बढ़ सकती है पदों की संख्या।
कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों की सेवा ही उनका दायित्व है। कम बारिश के कारण किसानों के हुए नुकसान की भरपाई डीजल अनुदान से की जाएगी। इसके लिए 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पहले चरण में 9 हजार युवाओं के बहाली की प्रक्रिया जल्द शुरू की जा रही है। रिक्त पदों को देखा जाएगा। अगर जरूरत पड़ी तो हम सीटों की संख्या बढ़ा भी सकते हैं। युवा किसानों की सेवा करने के साथ-साथ करियर भी संवारेंगे।
विवादों से किया खुद को अलग।
पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि कृषि विभाग के पुराने विवादों से उनका कोई नाता नहीं है। पूर्व मंत्री से भी उनका किसी तरह का विवाद नहीं है। सुधाकर सिंह के विभाग में भ्रष्टाचार के आरोप पर मंत्री कुमार सर्वजीत ने कहा कि
अगर कृषि विभाग में भ्रष्टाचार हुआ है तो उसकी जांच कराई जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी।