तेजी से बदलते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को इस्तीफा सौंपा। इसके साथ ही बिहार में एनडीए गठबंधन भी टूट गया। उन्होंने राज्यपाल से मिलने के लिए समय मांगा था। उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक भी राजभवन के सामने खड़े थे। बताया जा रहा है कि इस्तीफा देने के साथ नीतीश कुमार ने महागठबंधन के 160 विधायकों के साथ सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है।
कल ही हो सकता है शपथ ग्रहण।
बिहार के राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपने के बाद जदयू नेता नीतीश कुमार ने कहा कि सभी सांसद और विधायक आम सहमति पर हैं कि हमें एनडीए छोड़ देना चाहिए। इसके तुरंत बाद मैंने बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। कांग्रेस के अजीत शर्मा ने बताया कि बुधवार को ही नई सरकार का शपथ ग्रहण हो हो सकता है।
तेजस्वी और राबड़ी देवी से मिले नीतीश कुमार।
इसके बाद नीतीश कुमार तेजस्वी के साथ राबड़ी आवास गए और राबड़ी देवी से मुलाकात की। नयी सरकार में बताया जा रहा है कि कांग्रेस और राजद से दो उपमुख्यमंत्री होंगे। हालांकि महगठबंधन ने साफ कर दिया कि उन्होंने अपना नेता नीतीश कुमार को ही माना है। इधर बताया जा रहा है कि राबड़ी देवी के आवास पर जश्न की पूरी तैयारी शुरू हो गयी है। वहीं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन ने बयान देते हुए कहा कि भाजपा ने हमेशा से जदयू को अपमानित किया है। साथ ही, बीजेपी जदयू को खत्म करना चाहती थी।