प्रदेश में एक बार फिर से बारिश वाला मौसम सक्रिय हो गया है। कल से ही दक्षिण बिहार के अधिकांश जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। राजधानी पटना में भी इस दौरान हल्की बारिश हुई। इधर बारिश के बाद तापमान में गिरावट से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। IMD के अनुसार अगले 10 दिनों तक अधिकतर जिलों में हल्की वर्षा होगी। कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है। इस दौरान वज्रपात वाले बादल बनने के आसार हैं, जिससे ठनका गिरने की संभावना बढ़ गई है।
इन आठ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पटना समेत बिहार के 18 जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ हल्की वर्षा की संभावना है। वहीं प्रदेश के आठ जिलों के रोहतास, कैमूर , औरंगाबाद, गया, नवादा, भागलपुर, जमुई, बांका में भारी वर्षा की चेतावनी अगले दो दिनों के लिए मौसम विज्ञान केंद्र ने जारी की है।
सोमवार को राजधानी समेत प्रदेश के अन्य हिस्सों में हल्की वर्षा के कारण मौसम सुहाना बना रहा है। सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान में सामान्य से एक डिग्री की गिरावट के साथ 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं 38.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सुपौल प्रदेश का गर्म शहर दर्ज किया गया। राजगीर में 36.8 मिमी एवं राजधानी में 0.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।