बिहार को तोहफा: सोन नदी पर बनेगा एक और फोरलेन पुल। पटना से बनारस जाना होगा आसान।

बिहार को केंद्र की तरफ से पुल और सड़क की लगातार सौगातें मिल रही है। अभी हाल ही में औरंगाबाद जिले के दाउदनगर में सोन नदी पर 3 किलोमीटर लंबा फोरलेन ब्रिज बनकर तैयार हुआ है। इस बीच केंद्र सरकार ने अरवल और भोजपुर के सहार के बीच करीब तीन किलोमीटर लंबा एक और फोरलेन पुल बनाने का निर्णय लिया है। यह पुल पटना- आरा-सासाराम फोरलेन ग्रीन फील्ड एनएच-119ए का हिस्सा होगा।

3500 करोड़ की आयेगी लागत।

बताया जा रहा है कि इस सड़क की लंबाई करीब 118 किमी हाेगी और इसके निर्माण की अनुमानित लागत करीब 3500 करोड़ रुपये होगी। इस सड़क और पुल की डीपीआर बन रही है। उस पर केंद्र सरकार की मंजूरी मिलते ही निर्माण की प्रक्रिया इस साल शुरू होने की संभावना है। इसके जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। इस पूरी परियोजना को 2025 तक पूरा होने की संभावना है। इस सड़क और पुल के बनने से पटना से भोजपुर, अरवल, रोहतास, सासाराम होकर वाराणसी तक आने-जाने में समय की करीब आधी बचत होगी।

सासाराम और बनारस जाना होगा आसान।

सूत्रों के अनुसार पटना-आरा-सासाराम फोरलेन सड़क के बन जाने से आरा शहर को जाम से राहत मिल जायेगी। यह आरा शहर के बाहर से गुजरेगी। इससे जिले के दक्षिणी हिस्से की ओर से पटना जाने के लिए वाहन बिना आरा शहर से गुजरे ही पटना की ओर चले जायेंगे। साथ ही सासाराम से पटना पहुंचने में दूरी और समय की बचत होगी। फिलहाल पटना से सासाराम पहुंचने में करीब पांच से छह घंटे लगते हैं। पुल और सड़क को बनने से यात्रा का यह समय घट कर करीब ढाई से तीन घंटे रह जायेगी।

इन जगहों से गुजरेगी सड़क।

जानकारी के अनुसार पटना जिले में यह सड़क सदिसोपुर-नौबतपुर के बीच से शुरू होगी। इसके बाद यह अरवल होते हुए सोन नदी पार कर भोजपुर के सहार में पहुंचेगी। सहार से यह सड़क बागड़-गड़हनी मौजूदा सड़क से गुजरेगी। इसके बाद यह पीरो, हसन बाजार, विक्रमगंज, नोखा, संझौली होते हुए सासाराम से आगे सुअरा में जाकर एनएच दो यानी वाराणसी जाने वाली सड़क से जुड़ेगी।