बिहार पुलिस एकेडमी के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री। बिहार को मिले इतने नए दरोगा।

प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार 26 अगस्त को बिहार पुलिस एकेडमी राजगीर के अवर निरीक्षक (2018- बैच) के दीक्षांत परेड में शामिल हुए। समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित मुख्यमंत्री ने पुलिस अवर निरीक्षक के 16 कंपनियों के दीक्षांत  परेड का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के समक्ष सभी 1582 प्रशिक्षु अवर निरीक्षकों ने पासिंग आउट परेड किया।

विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 3 प्रशिक्षु अवर निरीक्षकों को मुख्यमंत्री ने पुरस्कृत किया।

इसके साथ ही बिहार को 596 नई महिला पुलिस अवर निरीक्षक मिली। बता दें कि कुल 1582 पुलिस अवर निरीक्षकों में से 596 महिलाएं हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे जानकर प्रसन्नता हो रही है महिलाएं इतनी सशक्त हो रही है। उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। बिहार में पहली बार हुआ है कि इतनी बड़ी संख्या में महिला दरोगा प्रशिक्षित होकर के निकली हैं। महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए हमने पंचायती राज व्यवस्था में 50% आरक्षण दिया है। इसके साथ ही पुलिस व्यवस्था और अन्य सरकारी कार्यालयों में 35% का आरक्षण दिया है।

उन्होंने बताया कि आज बिहार पुलिस में जितनी महिलाएं हैं इतनी किसी अन्य प्रदेश की पुलिस में महिलाएं नहीं है। बता दें कि बिहार में पुलिस में अभी 337 महिला पुलिस सब इंस्पेक्टर तैनात है। इस पासिंग आउट परेड के बाद बिहार में पहली बार इतनी संख्या में अतिरिक्त 596 महिला सब इंस्पेक्टर की तैनाती होगी। महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम में निदेशक एसके सिंघल ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह प्रदान किया।