मानसून की विदाई के बाद प्रदेश के तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो चुका है। गुरुवार को राजधानी पटना सहित उत्तर बिहार के कई इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिली। इससे तापमान में और गिरावट दर्ज की गई। राज्यभर में उत्तरी पछुआ हवा का प्रभाव है। अभी इसकी गति आठ से दस किमी प्रतिघंटे है। फिलहाल दिन के तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं देखा जा रहा।
दो से तीन डिग्री गिरेगा रात का तापमान।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अगले तीन दिनों तक दिन के तापमान में विशेष गिरावट नहीं आएगी लेकिन रात का तापमान दो से तीन डिग्री तक नीचे आ सकता है। इस वजह से रात में और सुबह में ठंड की सिहरन थोड़ी बढ़ेगी। प्रमुख शहरों में आसमान सामान्यत साफ रहेगा लेकिन दिवाली बाद ग्रामीण इलाकों में सुबह और शाम में धुंध बढ़ने के आसार हैं।
तेजी से बदलते मौसम में लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। दिन का तापमान सामान्य रह रहा है लेकिन सूर्यास्त होते ही तापमान में काफी गिरावट आ जा रही है। ऐसे में लोगों को काफी सावधान रहने की जरूरत है। खासकर सुबह शाम मौसम से बचाव बहुत जरूरी है।