बिहार में महेंद्र सिंह धोनी पर हो गया केस दर्ज। जानिए क्या है पूरा मामला।

बिहार के बेगूसराय में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी सहित 8 लोगों पर केस दर्ज किया गया है। बेगूसराय के सीजेएम कोर्ट में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी है। यह शिकायत बेगुसराय जिला न्यायालय के चीफ जुडिशल मजिस्ट्रेट रूम्पा कुमारी के न्यायालय में डी एस इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर परिवादी नीरज कुमार निराला की ओर से की गई है। आगामी 28 जून को इस मामले की सुनवाई होनी है।

कंपनी ने नहीं किया सहयोग।

परिवादी नीरज कुमार निराला ने आरोप लगाया है कि 2021 में उन्होंने न्यू ग्लोबल उपजवर्धक इंडिया लिमिटेड का सीएनएफ लिया था। सीएनएफ लेने के लिए 36 लाख 86 हजार रुपए कंपनी को दिया जिसके बाद कंपनी ने फर्टिलाइजर भेज दिया। कंपनी ने मार्केटिंग में सहयोग का वादा किया था लेकिन ऐसा नहीं किया गया। एजेंसी के मालिक नीरज कुमार निराला ने कहा है कि कंपनी के असहयोग की वजह से उन्हें घाटा हुआ।

32 लाख का चेक हुआ बाउंस।

शिकायत करने पर कंपनी ने एजेंसी में फंसा खाद हुआ वापस ले लिया और बदले में 30 लाख का चेक दिया। मालिक ने जब चेक बैंक भेजा तो बाउंस हो गया। इसकी सूचना बार बार देने के बाद भी कंपनी के अधिकारी या रिप्रजेंटेटिव ने ध्यान नहीं दिया। एजेंसी मालिक के अधिवक्ता ने कंपनी को चेक बाउंस हो जाने का लीगल नोटिस भी भेजा पर, दुकानदार को राहत नहीं मिली। थक हारकर नीरज कुमार निराला कोर्ट की शरण में चले गए।

इन लोगों पर किया गया है केस।

इस केस में नीरज कुमार निराला की ओर से पूर्व क्रिकेट कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी के साथ साथ कंपनी के सीईओ राजेश आर्य, स्टेट हेड अजय कुमार, मार्केटिंग हेड अर्पित दूबे, एमडी इमरान जफर, मार्केटिंग मैनेजर वंदना आनंंद और निदेशक महेन्द्र सिंह समेत 8 को अभियुक्त बनाया गया है। बता दें कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने इस प्रोडक्ट का विज्ञापन किया था। इसी वजह से उनपर भी केस किया गया है।