बिहार में 50 किलोमीटर तक फोरलेन बनेगा राम- जानकी मार्ग। केंद्र सरकार ने 1431 करोड़ की दी स्वीकृति।

अयोध्या को बिहार होते हुए माता जानकी की जन्मभूमि से जोड़ने वाला राम -जानकी मार्ग को बिहार में 50 किलोमीटर तक फोरलेन किया जाएगा। सिवान से मसरख तक यह सड़क चार लेन में बनेगी। इसके लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने 1431.36 करोड़ रुपये की लागत के साथ स्वीकृति दी है। सड़क की कुल लंबाई 240 किलोमीटर है।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ट्वीट करते हुए बताया कि, बिहार के सारण जिले में पिछड़े क्षेत्र, धार्मिक, पर्यटन स्थल (बीआरटी) योजना के अंतर्गत एनएच-531 के फोरलेन तनरवा और सीवान बाइपास के निर्माण सहित एनएच-227ए के सीवान से मशरख तक फोरलेन के निर्माण और उन्नयन को 1431.36 करोड़ रुपये की लागत के साथ स्वीकृति दी गयी है।

बाईपास का भी होगा निर्माण।

जानकारी के अनुसार राम-जानकी मार्ग के पहले चरण में कुल चार बाइपास का निर्माण होगा। इसमें करीब 4.63 किमी लंबाई में सीवान बाइपास, करीब 7.38 किमी लंबाई में तनरवा बाइपास, करीब 14.66 किमी लंबाई में बसंतपुर बाइपास और करीब 2.29 किमी लंबाई में मशरख बाइपास शामिल हैं। इसके अलावा एक बड़ा पुल, 14 छोटे पुल, 15 अंडरपास, एक आरओबी और दो ग्रेड सेपरेटर का भी निर्माण होगा।