बेटिकट यात्रा करने वाले हो जाएं सावधान। एक दिन में पटना जक्शन पर पकड़े गए 2000 यात्री। दर्जनों को भेजा गया जेल।

अब ट्रेन से बिना टिकट यात्रा करने वाले व्यक्ति सावधान हो जाएं क्योंकि रेलवे इन दिनों सघन जांच अभियान चला रहा है। केवल शुक्रवार को पटना जंक्शन पर 2000 से अधिक बेटिकट यात्री पकड़े गए हैं। इन सबसे लाखों रुपए जुर्माना वसूला गया। जुर्माना ना देने वाले दर्जनों लोगों को जेल भेजा गया है।

रेलवे कई दिनों से चला रहा अभियान।

पटना जंक्‍शन, दानापुर, गया, पंडित दीन दयाल उपाध्‍याय जंक्‍शन, पाटलिपुत्र, किउल, मोकामा, बरौनी, छपरा, सिवान, सोनपुर, हाजीपुर, बक्‍सर, आरा जैसे स्‍टेशनों पर टिकट चेकिंग का नियमित अभियान तो चल ही रहा है, इसके साथ ही ट्रेनों और स्‍टेशनों पर विशेष सघन जांच अभियान भी शुरू कर दिया गया है। विगत एक महीने में अलग-अलग कई स्‍टेशनों पर मजिस्‍ट्रेट के नेतृत्‍व में चेकिंग अभियान चलाया गया।

मैजिस्ट्रेट चेकिंग में वसूला गया 13 लाख जुर्माना।

पटना जंक्शन पर शुक्रवार को रेलवे मजिस्ट्रेट अनुराग मिश्र एवं वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक सरस्वती चंद्र के नेतृत्व में सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। टिकट जांच अभियान में एक दिन में सर्वाधिक दो हजार से अधिक बेटिकट यात्रियों को ट्रेनों में अनाधिकृत रूप से यात्रा करते पकड़ा गया। पकड़े गए यात्रियों से 13.19 लाख रुपये बतौर जुर्माना वसूला गया। जुर्माना नहीं देने वाले 53 यात्रियों को जेल भेजा गया।

साथ ही चेकिंग के दौरान वैसे यात्रियों को भी पकड़ा गया जिनके पास उचित टिकट नहीं था। कई यात्री जनरल टिकट लेकर एक्सप्रेस ट्रेन और आरक्षित कोचों में ट्रैवल कर रहे थे।