प्रदेश में अलग-अलग नदियों पर पुलों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। अलग-अलग इलाकों के बेहतर कनेक्टिविटी के लिए सड़कों के साथ-साथ इन पुलों का निर्माण तेजी से चल रहा है। भागलपुर में विक्रमशिला सेतु के समानांतर एक और पुल बनने का रास्ता पूरी तरह से क्लियर हो गया है। लगभग 1000 करोड़ की लागत से बनने वाले इस पुल का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।
इस विभाग से मिला एनओसी।
बता दें कि फोरलेन पुल बनाने के लिए वन एवं पर्यावरण विभाग ने हरी झंडी दे दी है। एनओसी मिलने के साथ ही अब समानांतर पुल के निर्माण में आने वाली सभी बाधाएं दूर हो गयी है। इस परियोजना क लिए चयनित एजेंसी एसपी सिंगला से एग्रीमेंट कर वर्क आर्डर जारी करने की तैयारी में विभाग जुट गया है। पुल का निर्माण मिनिस्ट्री आफ रोड ट्रांसपोर्ट हाइवे (मोर्थ) की निगरानी में होगा।
जल्द जारी होगा वर्क आर्डर।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के पटना के क्षेत्रीय पदाधिकारी के अनुसार वन एवं पर्यावरण विभाग से एनओसी मिल गयी है। लेकिन इससे संबंधित कागजात विभाग को प्राप्त होने के बाद ही चयनित एजेंसी को वर्क आर्डर जारी किया जायेगा। अक्टूबर-नवंबर में ही निर्माण शुरू करने की योजना है। पुल का निर्माण इंजीनियरिंग प्रॉक्योरमेंट कंस्ट्रक्शन (इपीसी) मोड में बनेगा। ठेका एजेंसी को 1460 दिनों में यानी चार साल में पुल बनाना होगा। इस पुल के निर्माण में टेंडर राशि 958.38 करोड़ से 35.93 करोड़ ज्यादा यानी 994.31 करोड़ खर्च होगा।