मुजफ्फरपुर: इमलीचट्टी बस स्टैंड पर बनेगा मल्टीलेवल पार्किंग। शहर में नहीं चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें। जानिए क्यों।

पथ परिवहन निगम के अपर सचिव और स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के एमडी की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट से इमलीचट्टी बस स्टैंड में लेवल कार पार्किंग बनाई जाएगी। बैठक में पथ परिवहन निगम के अपर सचिव सनी सिन्हा और सिटी प्रोजेक्ट के एमडी विवेक रंजन मैत्रेय शामिल थे। इन दोनों अधिकारियों ने कलर्स स्थल का निरीक्षण किया। श्री मैत्रेय ने अपर सचिव काे बताया कि पार्किंग का ग्राउंड फ्लाेर पथ परिवहन निगम के पास रहेगा।

बता दें कि यह मल्टी लेवल कार पार्किंग पीपीपी मोड पर संचालित होगी। इसमें बस पार्किंग और यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं भी होंगी। इतना ही नहीं इसमें इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन भी बनाया जाएगा। पथ परिवहन निगम की तरफ से एनओसी नहीं मिलने के कारण इसका काम अटका हुआ था। बता दें कि यह सरकारी बस स्टैंड परिसर के उत्तरी हिस्से में स्थित पानी टंकी के पास बनेगा।

इसके अलावा इस बैठक में शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों के संचालन, सीएनजी के आउटलेट खोलने, और सीएनजी बसों के संचालन पर भी विस्तृत चर्चा की गई। शहर में इलेक्ट्रिक सिटी बसों के परिचालन में आने वाली परेशानियों के बारे में भी चर्चा की गई। यह बताया गया कि चुकी इलेक्ट्रिक बसे 9 से 12 मीटर तक लंबी होती हैं इसीलिए मुजफ्फरपुर में इसे चला पाना संभव नहीं है। क्योंकि इससे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और चरमरा जाएगी। वही सीएनजी बसें मुकाबले काफी छोटी होती है और लगभग 6 से 7 मीटर लंबी होती है। इसलिए मुजफ्फरपुर में सीएनजी बसें चलाई जाएंगी।