यूपी और बिहार के बीच इस नदी पर बनेगा पुल। एक राज्य से दूसरे राज्य जाने वालों का सफर होगा आसान।

बिहार के अंदर कनेक्टिविटी बेहतर करने के साथ-साथ ही पड़ोसी राज्यों से भी कनेक्टिविटी बेहतर करने का प्रयास केंद्र और राज्य सरकार कर रही है। पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा अनुमंडल मुख्यालय से पिपरासी प्रखंड मुख्यालय को जोड़ने के लिए बहुत जल्द ही गंडक नदी पर एक पुल का निर्माण किया जायेगा।

इसकी जानकारी देते हुए विधान पार्षद भीष्म साहनी ने बताया कि 30 अगस्त को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता व भारत सरकार के भूतल परिवहन मंत्रालय के पदाधिकारियों के साथ जिला के सभी जनप्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गयी। जिसमें एनएच 727 के औसानी से लेकर उत्तर प्रदेश की सीमा तक बनाने हेतु चर्चा हुई।

बगहा से यूपी का सफर होगा आसान।

विधान पार्षद भीष्म साहनी ने बताया कि वन विभाग की अड़ंगेबाजी को देखते गंडक नदी पर एक पुल निर्माण करने पर सहमति बनी जो बगहा के डुमवलिया से शुरू होकर यूपी के बेलवनिया तक निर्माण किया जाएगा। इस जगह पर पुल निर्माण हो जाने से बगहा अनुमंडल से पिपरासी प्रखंड की दूरी 8 से 10 किलोमीटर ही रह जाएगी। नहीं तो अभी फिलहाल में पिपरासी के वासियों को बगहा अनुमंडल आने के लिए उत्तर प्रदेश होते हुए 60 किलोमीटर की दूरी तय कर बगहा अनुमंडल आना पड़ रहा है।वही बेलवनिया से डुमवलिया गंडक नदी पर पुल निर्माण हो जाने से उत्तर प्रदेश से बगहा आने वाले की भी काफी सहूलियत हो जाएगी।