राजधानी पटना की प्रदेश के अन्य जिलों से होगी बेहतर कनेक्टिविटी। बिछेगा सड़क और पुलों का जाल।

प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान कहा कि राजधानी पटना की बेहतर कनेक्टिविटी प्रदेश के बाकी जिलों से करने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सड़कों तथा पुल-पुलियों का जाल बिछाकर, राज्य के सुदूर क्षेत्रों से 6 घंटे में राजधानी पटना पहुँचने का लक्ष्य पूरा कर लिया है। अब इस लक्ष्य को 5 घंटे किया गया है और इस पर आवश्यकतानुसार तेजी से कार्य जारी है।

पटना में फ्लाई ओवर का बिछाया जा रहा जाल।

पटना में सुगम यातायात के लिए फ्लाई ओवर एवं ऐलिवेटेड रोड का जाल बिछाया गया है। अन्य जिलों में भी आर0ओ0बी0 एवं फ्लाईओवर का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पटना में दीघा से दीदारगंज तक जे०पी० गंगा पथ का निर्माण किया जा रहा है। जिसका शुभारम्भ 11 अक्टूबर, 2013 को किया गया था। 24 जून, 2022 से जे०पी० गंगा पथ के दीघा से पी०एम०सी०एच० तक के भाग को लोगों के लिए शुरू किया गया है, इसे लेकर लोग बहुत उत्साहित हैं और हजारों की संख्या में लोग गंगा पथ को देखने जा रहे हैं। दीघा से दीदारगंज तक सम्पूर्ण परियोजना का कार्य फरवरी, 2024 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है।

शेरपुर से बख्तियारपुर तक होगा गंगा पथ का विस्तार।

आगे जे०पी० गंगा पथ को पश्चिम में दानापुर से आगे शेरपुर तक ले जाने की योजना है, जहाँ पर गंगा नदी पर निर्मित होने वाले शेरपुर-दीघवारा 6-लेन पुल से भी सम्पर्कता हो जायेगी। पूरब में गंगा पथ को गंगा नदी पर बन रहे कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6-लेन पुल से भी जोड़ा जायेगा। भविष्य में गंगा पथ को पूरब की ओर बख्तियारपुर-ताजपुर पुल तथा पश्चिम की
ओर आरा-छपरा पुल से भी मिला दिया जायेगा।