वंदे भारत ट्रेन ने इस मामले में तोड़ा बुलेट ट्रेन का रिकॉर्ड। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जताया हर्ष।

आधुनिक तकनीक से पूर्ण रूप से स्वदेश में निर्मित वंदे भारत एक्सप्रेस रोज नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।ट्रायल में यह ट्रेन 180 किलोमीटर की रफ्तार से चल रही है। वहीं अब इस ट्रेन ने रफ्तार पकड़ने के मामले में बुलेट ट्रेन को भी पीछे छोड़ दिया। इसकी जानकारी खुद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी है। साथ ही उन्होंने कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।

सिर्फ 52 सेकंड में पकड़ी 0 से 100 की रफ्तार।

पूरी तरह से आधुनिक सुविधाओं से लैस इस ट्रेन ने अपने ट्रायल में सिर्फ 52 सेकंड में 0 से 100 की रफ्तार पकड़ ली। वहीं जापान में चलने वाली बुलेट ट्रेन को जीरो से 100 की रफ्तार पकड़ने में 55 सेकंड का समय लगता है। रेल मंत्री ने कहा कि नई ट्रेन 130 सेकंड में 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है जबकि पुराने वर्जन वाली ट्रेन को यह स्पीड पाने में 146 सेकेंड का समय लगता था।

सभी सुविधाओं से लैस है यह ट्रेन।

वर्तमान में दिल्ली से वाराणसी और दिल्ली से कटरा रूट पर चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस जल्द ही अहमदाबाद से मुंबई रूट पर चलेगी। इस ट्रेन में सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध है। रेल मंत्री ने एक वीडियो साझा करते हुए दिखाया कि 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हुई ट्रेन में पानी से भरा हुआ गिलास जरा सा भी नहीं छलका।