केंद्र सरकार द्वारा देश के महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय बनाने का प्रयास चल रहा है। इसी कड़ी में भोपाल का रानी कमलापति स्टेशन बनकर तैयार हुआ है। अब पर्यटन के लिहाज से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मशहूर गया शहर में भी गया स्टेशन को वर्ल्ड क्लास बनाया जाएगा। स्टेशन पुनर्विकास परियोजना के तहत धार्मिक एवं पर्यटन दोनों दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण गया स्टेशन को वर्ल्ड क्लास स्टेशन बनाने के लिए अंतिम रूपरेखा तैयार हो जाने के बाद टेंडर जारी कर दिया गया है।
एयरपोर्ट जैसी मिलेंगी सुविधाएं।
जानकारी के अनुसार गया स्टेशन का पुनर्विकास कार्य 300 करोड़ रूपए की अनुमानित लागत से वर्ष 2024 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पुनर्विकास से जुड़े कार्य पूरा होने के बाद यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं प्राप्त होंगी। स्टेशन को ग्रीन बिल्डिंग का रूप दिया जाएगा।
तीन गुना हो जाएगी यात्रियों की क्षमता।
बता दें कि पुनर्विकास के बाद गया स्टेशन उन्नत यात्री सुविधाओं के साथ तकनीक, स्थानीय संस्कृति और समृद्ध विरासत का आकर्षक मेल बनेगा। साथ ही यहाँ यात्रियों की क्षमता तीन गुणी अधिक होगी। इससे पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी जिसका लाभ स्थानीय लोगों को होगा। पर्यटकों की संख्या बढ़ने पर स्थानीय स्तर पर कई रोजगार के अवसर पैदा होंगे।