समस्तीपुर में ₹10 के लिए कर दी युवक की हत्या। बाढ़ के कारण पुलिस को पहुंचने में हुई देरी।

समस्तीपुर जिले में एक ऐसी घटना हुई जहां ₹10 के विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई। यह विवाद नाव पार कराने के किराए को लेकर हुआ था। घटना बिथान थाना इलाके की है। यहां नाव के किराए को लेकर एक 17 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान शकील यादव के रूप में हुई है।

बता दें कि समस्तीपुर के कई इलाके इस वक्त बाढ़ के पानी से घिरे हुए हैं। आवागमन का एकमात्र साधन नाव ही बचा है। कल बिथान क्षेत्र के अंतर्गत बनभौरा गांव में
शकील यादव नामक युवक का नाव के किराए को लेकर विवाद हुआ था। आज सोमवार की सुबह जब वह अपने घर के बाहर खड़ा था तभी उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। क्योंकि इलाका बाढ़ प्रभावित है इसलिए पुलिस को वहां घटनास्थल पर पहुंचने में काफी देर हुई।

पुलिस भी घटनास्थल पर नाव के सहारे ही पहुंची। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया गया। परिवार वालों का रो रो कर बुरा हाल है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बता दें कि प्रदेश में इस तरह के छोटे-मोटे विवादों को लेकर होने वाली हत्याओं की संख्या काफी बढ़ गई है।