वर्षों पहले आई फिल्म बाहुबली के धूम मचाने के बाद साउथ फिल्म इंडस्ट्री की फिल्मों का जलवा लगातार बरकरार है। हिंदी बेल्ट में भी दक्षिण की फिल्में खूब धमाल मचा रही हैं। RRR , केजीएफ, पुष्पा जैसी फिल्मों ने दर्शकों को अपना दीवाना बना दिया। आज नॉर्थ इंडिया में, यश, अलू अर्जुन, विजय देवेरकोंडा,प्रभास, रश्मिका मंधाना के करोड़ों फैंस हैं। लगातार साउथ की फिल्में बॉलीवुड को पीछे छोड़ रही हैं। हाल ही में रिलीज हुई अक्षय कुमार की भारी भरकम बजट की फिल्म रामसेतु और अजय देवगन की थैंक गॉड भी साउथ की फिल्म के सामने नहीं टिक पाई।
ऐसा है राम सेतु का हाल।
अक्षय कुमार की फिल्म ‘ राम सेतु ‘ ने बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। फिल्म के वीकएंड कलेक्शन की बात करें तो राम सेतु ने शुक्रवार को 6.05 करोड़, शनिवार को 7.3 करोड़ और रविवार को 8.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। यानी वीकएंड पर फिल्म की कमाई में लगातार बढ़ोतरी हुई और फिल्म ने वीकएंड पर 21.55 करोड़ का कारोबार किया। फिल्म की कुल कमाई की बात करें तो यह आंकड़ा 57.25 करोड़ रुपये तक जा पहुंचा है।
अजय की थैंक गॉड भी नहीं दिखा पाई कमाल।
अजय देवगन की फिल्म का हाल भी अच्छा नहीं है। एक तरफ जहां अक्षय कुमार की फिल्म 60 करोड़ का आंकड़ा छूने जा रही है। वहीं, दूसरी तरफ, थैंक गॉड पहले वीकएंड तक 30 करोड़ रुपये तक की कमाई करने में नाकामयाब रही। फिल्म ने शुक्रवार को 3.3 करोड़, शनिवार को 3.25 करोड़ और रविवार को 4 करोड़ रुपये की कमाई की है। इसी के साथ फिल्म का कुल कलेक्शन मात्र 29.4 करोड़ हुआ है।
कंतारा का जलवा बरकरार।
वहीं दूसरी तरफ ऋषभ शेट्टी की फिल्म ने अक्षय – अजय को धूल चटा दी है। फिल्म ने वीकएंड पर ताबड़तोड़ कमाई की है। कांतारा ने शुक्रवार को 5.65 करोड़, शनिवार को 10.55 करोड़ और रविवार को 11 करोड़ का कारोबार किया है। यानी ऋषभ शेट्टी की फिल्म ने तीन दिन में तकरीबन 27.2 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर अलग-अलग भाषाओं में फिल्म अब तक 200 करोड़ से ऊपर कमाई कर चुकी है।