हड़ताली मोड़ के पास लोहिया पथ चक्र के तहत बनने वाले कई सारे फ्लाईओवर आपस में मिलेंगे। पहली बार बोरिंग कनाल रोड को भी फ्लाईओवर से जोड़ने का काम शुरू होगा। यह फ्लाईओवर हड़ताली मोड़ से एसके पूरी जाने वाले चौराहे तक बनेगा। इसके लिए करीब 109 पेड़ काटनेे होंगे। वन विभाग के साथ ही अन्य एजेंसियों ने पुल विकास निगम को इसकी एनओसी दे दी है। लोहिया पथचक्र के फ्लाईओवर को हड़ताली मोड़ पर जंक्शन से जोड़ा जाएगा।
हड़ताली माेड़ पर ही आकर सभी सड़कें और पुल अलग-अलग डायवर्ट होंगे। पुल निगम के अधिकारियों के मुताबिक, जल्द ही फ्लाईओवर बनाने का काम शुरू होगा। लेकिन इससे पहले बिजली पोल की शिफ्टिंग, पेड़ कटाई और बेली रोड व बोरिंग कैनाल रोड के चौक पर बने दो सरकारी भवनों को भी तोड़ा जाएगा। इस कार्य में करीब तीन महीने का वक्त लग जाएगा। इसके बाद ही बोरिंग रोड में पुल बनाने के लिए पिलर खुदाई शुरू होगी।
250 मीटर के फ्लाई ओवर का होगा निर्माण।
बता देंगे लोहिया पथचक्र के फेज-2 के निर्माण कार्य को तीन हिस्से में बनाने की प्लानिंग है। तय डिजाइन के मुताबिक पहला हिस्सा दारोगा राय पथ स्थित विजिलेंस ऑफिस से शुरू होकर हड़ताली मोड़ तक 350 मीटर लंबे पुल का निर्माण चल रहा है। इसके बाद दूसरा हिस्सा हड़ताली मोड़ से बोरिंग रोड में पुल बनेगा, जो एसके पुरी जाने वाले चौराहे से पहले उतर जाएगा। इस पुल की लंबाई करीब 250 मीटर होगी। इस पुल के बनने के बाद आर ब्लॉक से सीधा बोरिंग रोड तक पहुंचना आसान हो जाएगा।