बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों से वसूली के मामले में समस्तीपुर मंडल पूरे पूर्व मध्य रेलवे जोन में प्रथम स्थान पर आया है। अकेले जुलाई माह में समस्तीपुर मंडल ने ₹268000 की वसूली की। रेल मंडल के प्रबंधक कार्यालय स्थित मंथन सभागार में टिकट जांच कर्मियों को पुरस्कृत किया गया। उन्हें अपर मंडल रेल प्रबंधक ने पुरस्कृत किया। इसमें मंडल वाणिज्य निरीक्षक संजय कुमार, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक वरुण कुमार सिंह, हरि किशोर दत्ता, मुख्य कार्यालय अधीक्षक अर्जुन बैठा के अलावा 32 टिकट जांच कर्मी शामिल रहे। पुरस्कार समारोह को संबोधित करते हुए अपर मंडल रेल प्रबंधक प्रथम जेके सिंह ने कहा कि टिकट जांच के क्षेत्र में मंडल का प्रदर्शन सराहनीय है।
मौके पर सीनियर डीसीएम सरस्वती चन्द्र ने कहा कि मंडल के समस्त टिकट जांच कर्मियों के सामूहिक प्रयास से मंडल जुलाई माह में संपूर्ण पूर्व मध्य रेल में प्रथम स्थान पर रहा। अगर आगे भी इसी प्रकार का प्रदर्शन जारी रखा तो वित्तीय वर्ष के अंत में मंडल पूर्व मध्य रेल में प्रथम स्थान प्राप्त कर टिकट चेकिंग दक्षता शील्ड का हकदार बन सकता है।
रेल मंडल में सीनियर डीसीएम टिकट जांच प्रसन्न कुमार के नेतृत्व में रेल मंडल में टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान जुलाई महीने में मंडल में 39186 यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करते हुए पाया गया। जिनसे लगभग दो लाख अड़सठ हजार रूपए जुर्माना वसूल किया गया।